मशहूर रैपर और गायक रफ्तार ने स्टाइलिस्ट और फिटनेस एंथुजियास्ट मनराज जावंदा से शादी कर ली है। यह शादी पारिवारिक और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में एक निजी समारोह में संपन्न हुई। सोशल मीडिया पर शादी की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें रफ्तार और मनराज पारंपरिक वेडिंग आउटफिट में नजर आ रहे हैं।
शादी के इनविटेशन कार्ड की एक तस्वीर इंटरनेट पर वायरल हो रही है, जिसमें लिखा है— “Welcome to the wedding celebration of Dilin and Manraj. #manDilYahinBanaenge”। शादी में दक्षिण भारतीय रीति-रिवाजों का पालन किया गया। समारोह में भले ही भव्यता न रही हो, लेकिन इसकी सादगी और गर्मजोशी ने सभी का दिल जीत लिया।
शादी के बाद के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें रफ्तार अपनी पत्नी मनराज के साथ डांस करते हुए नजर आ रहे हैं। एक अन्य वीडियो में मनराज अपनी मेहंदी दिखाते हुए बॉलीवुड गाने “दिल तो पागल है” पर झूमती दिखाई दे रही हैं।
कौन हैं मनराज जावंदा?
मनराज जावंदा पेशे से एक फैशन स्टाइलिस्ट हैं और उन्होंने कई रियलिटी शोज़, म्यूजिक वीडियोज़ और टीवी विज्ञापनों के लिए स्टाइलिंग का काम किया है। मनराज ने “काली कार”, “घना कसूता” और “शृंगार” जैसे कई म्यूजिक वीडियो में भी काम किया है। इसके अलावा, उन्हें फिटनेस और हेल्थ में भी काफी रुचि है।
रफ्तार की पहली शादी और करियर
रफ्तार ने 2016 में कोमल वोहरा से शादी की थी, लेकिन आपसी सहमति से 2020 में तलाक के लिए अर्जी दी। अब पांच साल बाद उन्होंने अपनी जिंदगी में नया सफर शुरू किया है।
रफ्तार के करियर की बात करें तो उन्होंने कई मशहूर रियलिटी शोज़ में काम किया है। वह MTV रोडीज में गैंग लीडर और MTV हसल में जज के रूप में नजर आ चुके हैं। इसके अलावा, वह भारतीय हिप-हॉप और रैप म्यूजिक इंडस्ट्री के जाने-माने कलाकारों में से एक हैं।
फैंस दे रहे शुभकामनाएं
रफ्तार की दूसरी शादी की खबर से उनके फैंस बेहद उत्साहित हैं। सोशल मीडिया पर उनकी शादी को लेकर बधाइयों का सिलसिला जारी है। प्रशंसक इस नए जोड़े के सुखी और खुशहाल जीवन की कामना कर रहे हैं|
नोट: हम बिजनेस हेडलाइन (BH) में अपनी नैतिकता को बहुत गंभीरता से लेते हैं। इस बारे में अधिक जानकारी यहाँ प्राप्त की जा सकती है।