भारतीय टीम ने लंबे इंतजार के बाद चैंपियंस ट्रॉफी जीत ली है। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने रविवार को न्यूजीलैंड को हरा कर ये खिताब जीता हैं । इसके बाद पूरा भारत देश खुशी में झूमने लगा। अब सभी को इंतजार है कि टीम इंडिया दुबई से कब लौटेगी और क्या टी20 वर्ल्ड कप की तरह ही भारत की विक्ट्री परेड आयोजित की जाएगी या नहीं।
तीसरी बार बने चैंपियनों के चैंपियन
टीम इंडिया ने तीसरी बार चैंपियंस ट्रॉफी जीती है। आखिरी बार उसने ये टूर्नामेंट महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में साल 2013 में जीता था। रोहित की कप्तानी में भारत ने 12 साल बाद ये टूर्नामेंट जीता है। ऐसे में फैंस को इंतजार है उसी तरह के जश्न का जिस तरह का टी20 वर्ल्ड कप दौरान हुआ था।
टीम इंडिया आज ही दुबई से भारत लौटेगी। लेकिन पूरी टीम एक साथ नहीं आएगी। टीम के खिलाड़ी अलग-अलग लौटेंगे और अपने-अपने शहर जाएंगे। एक रिपोर्ट के हिसाब से इस बात की जानकारी दी गई है। टीम के हेड कोच गौतम गंभीर के साढ़े सात बजे दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर पहुंचने की संभावना है। टीम के खिलाड़ी जब अलग-अलग आएंगे तो फिर ऐसे में टीम की विक्ट्री परेड की संभावना भी खत्म हो जाती है।
आखिर ऐसा क्यों हो रहा हैं?
ऐसा इसलिए हो रहा क्योंकि 22 मार्च से IPL के अगले सीजन की शुरुआत हो रही है और इससे पहले सभी खिलाड़ियों को अपनी-अपनी फ्रेंचाइजियों से जुड़ना होगा। टीम से जुड़ने से पहले खिलाड़ियों को भरपूर आराम भी चाहिए ताकि वह आईपीएल के लिए फिट रह सकें। यानी फाइनल और आईपीएल के अगले सीजन की शुरुआत के बीच में कम समय होने के कारण विक्ट्री परेड का प्लान नहीं रखा गया है।
रोहित शर्मा ने बताया था की
इसी साल जब वानखेड़े की 50वीं वर्षगांठ मनाई गई थी तो रोहित ने कहा था कि वह कोशिश करेंगे कि चैंपियंस ट्रॉफी जीतें और उस ट्रॉफी को टी20 वर्ल्ड कप की तरह ही वानखेड़े में लेकर आएं। हालांकि, रोहित का ये ख्वाब पूरा होता नहीं दिख रहा है। साल 2007 में भी जब टीम इंडिया ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में पहली बार टी20 वर्ल्ड कप जीता था तब भी मुंबई में विक्ट्री परेड निकाली गई थी और वानखेड़े में जश्न मनाया गया था।